उत्तम चंद, बंसी लाल, नरेंद्र कुमार, पूनम गुप्ता और किशोर कुमार विजयी घोषित
संवाद न्यूज एजेंसी
करसोग (मंडी)। करसोग नगर पंचायत चुनाव के तहत विभिन्न वार्डों के परिणाम रविवार देर शाम घोषित कर दिए गए हैं। इस बार नए चेहरों को जनादेश मिला है। नए चेहरे ही चुनावी मैदान पर थे। उत्तम चंद, बंसी लाल, नरेंद्र कुमार, पूनम गुप्ता और किशोर कुमार विजयी घोषित हुए हैं।
वार्ड दो अपर न्यारा में उत्तम चंद को 62 मत मिले। जबकि रमेश को 60 और अमी चंद को 20 मत प्राप्त हुए। इस वार्ड में कुल 142 मत पड़े। इस तरह उत्तम चंद ने जीत दर्ज की। वार्ड तीन न्यारा में बंसी लाल ने 165 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। लक्ष्य को 84 और यादविंद्र शर्मा को पांच मत मिले। इस वार्ड में कुल 255 मत डाले गए। एक मत नोटा के पक्ष में रहा। वार्ड चार करसोग में नरेंद्र कुमार को 87 मत मिले और उन्होंने जीत दर्ज की। उनके मुकाबले हरीश कुमार को 54 और युविंद्र कुमार को 44 मत प्राप्त हुए। कुल 187 मत डाले गए। नोटा के पक्ष में दो मत रहे।
वार्ड पांच पुराना बाजार में पूनम गुप्ता ने 76 मत हासिल कर जीत दर्ज की। पूनम को 69, सुषमा कुमारी को 47 और लक्ष्मी देवी को 23 मत मिले। इस वार्ड में कुल 218 मत पड़े। तीन वोट नोटा के पक्ष में रहे। वार्ड छह करसोग बाजार से किशोर कुमार 129 मत लेकर विजयी रहे। दिलीप कुमार को 86 मत मिले। इस वार्ड में कुल 215 मत डाले गए। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने बताया कि नगर पंचायत के वार्ड-1 जगातखाना खाना से वार्ड सदस्य का चयन निर्विरोध पहले ही किया जा चुका है। जबकि वार्ड-7 बरल से किसी भी व्यक्ति द्वारा नामांकन नहीं भरने के कारण मतदान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई।