मंडी। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की मंडी जिला कमेटी की विस्तारित बैठक शनिवार को मंडी में कॉमरेड तारा चंद भवन में हुई। इसमें पार्टी राज्य सचिवालय सदस्य राकेश सिंघा विशेष रूप से उपस्थित रहे। आगामी लोकसभा चुनाव और विशेषकर मंडी लोकसभा चुनाव को लेकर आयोजित बैठक में पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार आज तक की सबसे बड़ी भ्रष्ट सरकार साबित हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चुनावी बांड के जरिये भ्रष्टाचार को संस्थागत व वैधानिक दर्जा दिया और फिर देश में गलत तरीके से ठेके दिए, सरकारी संपत्तियां बेची और जमकर रिश्वत खाई। सिंघा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से उजागर हुए इलेक्टोरल बॉन्ड घोटाले की परतें खुलने के बाद भाजपा और मोदी का पूरा नकाब उतर गया और इनकी बेईमानी देश के सामने उजागर हो गई। जांच एजेंसियों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक फायदे के लिए और विरोधियों को कुचलने के लिए किया है।
उन्होंने कहा कि 10 साल के भाजपा कुशासन में बेतहाशा बेरोजगारी और महंगाई बढ़ी है। मजदूरों, किसानों के खिलाफ काले कानून लाए गए। नोटबंदी और जीएसटी के माध्यम से छोटे और माध्यम व्यवसायियों की कमर तोड़ दी है। भाजपा एक मात्र पार्टी है जो कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन देने का विरोध करती है।
पार्टी जिला सचिव कुशाल भारद्वाज ने बताया कि पार्टी की मंडी जिला कमेटी जिला की सभी विधानसभा क्षेत्रों में संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ और भाजपा हराओ नारे के तहत चुनाव प्रचार करेगी। ताकि मंडी लोक सभा क्षेत्र में भाजपा को भारी मतों से शिकस्त दी जा सके। इसकी पहली कड़ी में 25 अप्रैल तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की जनरल बॉडी बैठकें आयोजित की जाएंगी।
बैठक में भूपेंद्र सिंह, राजेश शर्मा, जैवंती, जोगिंदर वालिया, रवि कांत, भीम सिंह, वीना वैद्य, बिहारी लाल, इंद्र सिंह, रमेश गुलेरिया, अजय वैद्य, गुरदास वर्मा व अन्य मौजूद रहे।