सुंदरनगर में 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाता के घर मतदान कराने को पहुंची मोबाइल पोलिंग टीम।
सुंदरनगर निर्वाचन क्षेत्र में अब तक कुल 612 मतदाताओं ने डाला वोट
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन क्षेत्र में 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और दिव्यांग मतदाताओं से घर पर ही मतदान करवाया जा रहा है। इसके लिए सुंदरनगर निर्वाचन क्षेत्र में 12 मोबाइल पोलिंग टीमों का गठन किया गया है, जो कि सभी चिह्नित मतदाताओं से घर-घर जाकर मतदान करवा रही हैं।
सभी मोबाइल पोलिंग टीमों ने पांचवें दिन यानी 25 मई को चिह्नित आवेदकों के घर पहुंचकर 96 मतदाताओं से मतदान करवाया, इनमें 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 76 और 20 दिव्यांग मतदाता शामिल है, जबकि अब तक सुंदरनगर निर्वाचन क्षेत्र में कुल 612 मतदाताओं से मतदान करवाया जा चुका है। इनमें 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 457 और 155 दिव्यांग मतदाता शामिल है। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर गिरीश समरा ने बताया कि क्षेत्र में 722 ऐसे मतदाता है जो 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग या दिव्यांग है। जिन्होंने फार्म 12-डी भर कर घर से ही मतदान करने के लिए आवेदन किया है।