जोगिंद्रनगर (मंडी)। ब्रह्माकुमारी आश्रम जोगिंद्रनगर की सिस्टर पल्लवी ने कहा कि नशा केवल शराब और नशीले पदार्थों तक सीमित नहीं है, बल्कि मोबाइल और सोशल मीडिया का अति प्रयोग भी एक प्रकार का नशा है। व्यक्ति की सकारात्मक सोच ही उसे हर तरह के नशे से मुक्ति दिला सकती है।
वह वीरवार को राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर में नशा मुक्त समाज पर आयोजित कार्यशाला में बोल रहीं थी। यह कार्यशाला महाविद्यालय की एनएसएस इकाई, एनसीसी इकाई, रोवर-रेंजर इकाई और ब्रह्माकुमारी आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कॉलेज प्राचार्य प्रो. निशा वैद्य ने कहा कि नशा समाज की सबसे बड़ी बुराई है, जो युवा पीढ़ी को बर्बादी की ओर धकेल रही है।
एनएसएस स्वयंसेवी सुनिधि और मोहित ने मंच संचालन करते हुए नशे को अभिशाप बताते हुए इससे दूर रहने का आह्वान किया। कार्यशाला में ब्रम्हकुमारी आश्रम जोगिंद्रनगर से सिस्टर सीमा, खेम सिंह, रणजीत, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्रवण डोगरा, प्रो. मोहिनी, एनसीसी प्रभारी डॉ. स्मृति ठाकुर, रोवर-रेंजर लीडर डॉ. नवीन, प्रो. ममता और प्रो. अनीता उपस्थित रहे।