संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट के विधायक दिलीप ठाकुर ने राजस्व विभाग के दैनिक वेतन भोगियों के वेतन का मुद्दा विधानसभा में उठाया। विधायक ने पूछा कि राजस्व विभाग के दैनिक वेतन भोगियों का वेतन कब से देय है तथा कब तक इन वेतन भोगियों को वेतन प्रदान कर दिया जाएगा।
इस पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि राजस्व विभाग के तहत कार्यरत दैनिक वेतन भोगियों को प्रत्येक माह समय पर वेतन अदा किया जा रहा है। प्रदेश के कुछ जिलों में कार्यरत दैनिक वेतन भोगियों को पिछले एक-दो माह से बजट की उपलब्धता न होने के कारण वेतन अदायगी नहीं हो पाई थी। उपायुक्तों से उक्त आशय की सूचना प्राप्त होने पर सरकार ने वेतन अदायगी के लिए उन्हें आवश्यक बजट उपलब्ध करवा दिया है। इन दैनिक वेतन भोगियों के बकाया वेतन की शीघ्रातिशीघ्र अदायगी सुनिश्चित की जा रही है।
विधायक दिलीप ठाकुर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सरकाघाट में राजस्व विभाग के दैनिक वेतनभोगी पिछले चार महीनों से वेतन से वंचित हैं। उन्होंने विभाग की ओर से दी जा रही जानकारी को भ्रामक और गुमराह करने वाली करार दिया। जल शक्ति विभाग के जलरक्षकों को भी पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। विधायक ने साफ कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे कर्मचारियों के हक के लिए कड़ा कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे। संवाद