सदर विधानसभा की ग्राम पंचायत मांथला के गड्डल फुट ब्रिज का उद्घाटन करते विधायक अनिल शर्मा। स्रोत
- फोटो : रविंद्र यादव का फाइल फोटो।
मंडी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से बाबा साहेब डाॅ. भीमराव आंबेडकर की 34वीं जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम के तहत रविवार को मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा ने ग्राम पंचायत मांथला के गड्डल गांव में लोगों के घर-घर पहुंच कर पत्रक वितरित किए।
उन्होंने कहा कि आज हम संविधान निर्माता, सामाजिक न्याय के रचयिता भारत रत्न डाॅ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान में घर-घर पत्रक वितरित कर रहे हैं। भाजपा बाबा साहब के विचारों और उनके समावेशी भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। बाबा साहेब ने हमें एक ऐसा संविधान दिया, जो हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, और न्याय का अधिकार देता है।
उन्होंने शिक्षा को शेरनी का दूध कहा, जो हर व्यक्ति को सशक्त बनाता है। उनके विचार आज भी हमें प्रेरित करते हैं कि समाज में कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। भाजपा सरकार ने बाबा साहेब के सम्मान में अनेक कदम उठाए हैं।
इस दौरान विधायक ने विधायक निधि से ग्राम पंचायत मांथला के गड्डल में फुट ब्रिज का उद्घाटन किया। तीन लाख से निर्मित इस पुल को जनता को समर्पित किया। इससे अब गांव के लोगों को बरसात में आने-जाने की सुविधा मिलेगी। बीडीसी सदस्य किरण कुमारी, मांथला पंचायत प्रधान अनीता शर्मा और उपप्रधान प्रेम सिंह सहित उपस्थित लोगों ने विधायक का आभार जताया। इस मौके पर मंडी मंडल भाजपा अध्यक्ष राहुल सेन, महामंत्री प्रवीण मेहता, मीडिया प्रभारी हिमांशु सहित गांव के लोग मौजूद रहे।