बग्गी (मंडी)। बल्ह के मंदिर टांडा के युवक का शव घर से कुछ ही दूरी पर पेड़ से लटका मिला है। यह युवक चार दिन से लापता था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना धनोटू के तहत ललित कुमार (37) पुत्र कृष्ण निवासी गांव मंदिर टांडा पांच मार्च से घर से लापता था। ललित का शव ढाबन के जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि ललित कुमार पांच मार्च को अपनी बाइक पर घर से निकला था लेकिन उसके बाद घर नहीं आया।
परिजनों ने उसे हर जगह ढूंढा लेकिन वह नहीं मिला। बीते शनिवार को किसी व्यक्ति ने पेड़ पर शव लटके देखा तो इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे लिया। रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवा परिवार को सौंप दिया। उधर, डीएसपी भारत भूषण का कहना है कि मौत के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होंगे। मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है। संवाद