सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट के चलहोग क्षेत्र में एक नाबालिग का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। घटना तीन अगस्त की है। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।
पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि बेटी तीन अगस्त को मां के साथ पशुओं के लिए घास लाने गई थी। घास लेकर घर पहुंचने के बाद मां बाहर अपने काम में व्यस्त हो गई और बेटी कमरे में चली गई। थोड़ी देर बाद जब मां अंदर आई तो बेटी को पंखे से लटका पाया। चुन्नी का फंदा बनाया था। बेटी को लटका देख मां चिल्लाई।
गांववासी भी एकत्रित हो गए। आनन-फानन में उसे सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया, जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। उधर, डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने बताया कि परिजनों ने किसी पर भी कोई शक नहीं जताया है। मामले में कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। संवाद
000