उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
चौंतड़ा (मंडी)। राजकीय पाठशाला टिकरू के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मेधावी विद्यार्थियों पर पुरस्कारों की बरसात हुई। पढ़ाई, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 150 से अधिक विद्यार्थियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत पहाड़ी नाटियों ने समारोह में खूब रंग जमाया। मनमोहक प्रस्तुतियों पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
बुधवार को जोगिंद्रनगर उपमंडल के टिकरू स्थित राजकीय पाठशाला में आयोजित समारोह में कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। करीब तीन घंटे तक चले कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी, पहाड़ी और पंजाबी गीतों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
मुख्य अतिथि ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इनमें अस्मित, सौरभ, मनप्रीत, आदित्य, हिमांशु, आदर्श, तनिष्का, प्राची, निखिल, सुहाना, आरूषि, कर्ण, गायत्री, प्रियंका, शिवम, हर्षिता, चिराग, पवन, परी, पायल, रिद्धिमा, अर्पित, साहिल, पलक, आस्था, अंशदीप व अन्य शामिल रहे।
स्कूल की प्रधानाचार्य दिनेश कुमारी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और अन्य गतिविधियों की जानकारी अभिभावकों के समक्ष रखी। मुख्य अतिथि जीवन ठाकुर ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।