सुंदरनगर में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जताई बीमारी फैलने की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। शहर में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति न होने पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने बीमारी फैलने की आशंका जताई है। कार्यकर्ताओं ने जल शक्ति विभाग और नगर परिषद सुंदरनगर को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें पेयजल से संबंधित कुछ आशंकाओं को विभाग के समक्ष रखा गया।
एबीवीपी कार्यकर्ता जहान्वी चौहान, साक्षी ठाकुर, रोहण शर्मा, आंचल मल्होत्रा, मंजुल शर्मा, उत्कर्ष शर्मा, पवन कुमार, निशांत आदि ने कहा कि कुछ समय से सुंदरनगर शहर में स्वच्छ जल न मिलने से बीमारियां फैल रही हैं। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता रजत शर्मा ने बताया कि पानी नहर से उठाया जा रहा है।
उस पानी की जांच रोज पांच अलग-अलग जगह से सैंपल लेकर की जा रही है। ऐसे कोई कीटाणु या बैक्टीरिया नहीं मिले हैं, जिससे कोई बीमारी फैलने की आशंका हो। विद्यार्थियों ने मांग रखी कि विद्यार्थी परिषद एक दिन विभाग के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का सर्वेक्षण करेगी और उस सर्वेक्षण का परिणाम सुंदरनगर के आम जनमानस के ध्यान में लाया जाएगा। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा से भी मुलाकात की और उक्त मामले को रखा। अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने आश्वासन दिया कि वह तुरंत जल शक्ति विभाग से पानी की गुणवत्ता को लेकर बातचीत करेंगे। संवाद