सुंदरनगर (मंडी)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कैंपस को सुंदरनगर से शिफ्ट करने के सरकार के फैसले का विरोध जोर पकड़ने लगा है। छात्र संगठनों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के बाद अब स्थानीय व्यापार मंडल भी एसपीयू के कैंपस को शिफ्ट करने के विरोध में खड़ा हो गया है।
व्यापार मंडल सुंदरनगर के प्रधान प्रवीण अग्रवाल की अध्यक्षता में कार्यकारिणी सदस्यों ने सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल को ज्ञापन सौंपा। कहा कि सुंदरनगर में एसपीयू कैंपस का बंद होना जनहित में नहीं है।
यदि सरकार ने क्लस्टर यूनिवर्सिटी के भवन को महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय को देने का आदेश दिया है तो उसका स्वागत है लेकिन सरकार को सुंदरनगर में एसपीयू कैंपस के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक इस विषय को प्रदेश सरकार के समक्ष गंभीरता से उठाएंगे। एमएलएसएम कॉलेज प्रबंधन से भी आग्रह किया कि एसपीयू सुंदरनगर कैंपस के लिए वैकल्पिक व्यवस्था होने तक एमएलएसएम कॉलेज परिसर में उपयुक्त स्थान उपलब्ध करवाया जाए। इस मौके पर व्यापार मंडल के संगठन महामंत्री धर्मपाल अवस्थी, लेखराज शर्मा, अमित कौशल, अनिल सूद अमित शर्मा भी मौजूद रहे। संवाद