साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपायुक्त संदीप कदम ने कहा कि जिला के 290 ग्रीष्मकालीन केंद्रीय प्राथमिक पाठशालाओं में विद्यार्थियों की शिक्षा में गुणवत्ता बढ़ाने तथा उनमें सीखने की कला को विकसित करने के उद्देश्य से उड़ान कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसका समय-समय पर अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है। मंडी जिला में वर्तमान समय में 12 गौ सदन क्रियाशील हैं, जिनमें लगभग 900 पशुओं को रखा गया है।
बैठक शुक्रवार को उपायुक्त मंडी संदीप कदम की अध्यक्षता में हुई। उपायुक्त ने कहा कि गौ सदनों में पशुओं को समुचित मात्रा में चारा और पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। जिला में 26 और गौसदन स्थापित किए जाने की प्रक्रिया जारी है। इन गौसदनों के आरंभ होने से लोगों को खुले में घूमने वाले पशुओं से होने वाले नुकसान से छुटकारा मिलेगा। जिला में पशुओं के पंजीकरण का कार्य निरंतर जारी है तथा अभी तक 77 हजार 849 पशुओं का पंजीकरण किया जा चुका है।
उन्होंने पशु पालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर गौसदनों में जाकर पशुओं के स्वास्थ्य की जांच करते रहें। उन्होंने कहा कि जिला में खुले में घूमने वाले कुत्तों की नसबंदी की जा रही है। मंडी के कांगणी नामक स्थान पर खेल स्टेडियम बनाने की प्रक्रिया प्रगति पर है। खेल स्टेडियम के बन जाने से खिलाड़ियों को अभ्यास करने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सब्जियों तथा फलों की दुकानों में रेट लिस्ट लगाना विक्रेताओं से सुनिश्चित करवाएं तथा समय-समय पर स्वयं उनका निरीक्षण कर रिपोर्ट इस कार्यालय को भेजें। अधिकारी उचित मूल्य की दुकानों का भी निरीक्षण करते रहे तथा वहां पर उपलब्ध वस्तुओं की जांच करते रहे। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल, सहायक आयुक्त पूजा चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।