जिला प्रशासन के चलाए गए मेरी लाडली और झुग्गी झोंपड़ियों में रहने वालों के उत्थान के लिए संचालित कार्यक्रम की समीक्षा के लिए शानिवार को आयोजित अलग-अलग बैठकों की अध्यक्षता उपायुक्त संदीप कदम ने की। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े सभी विभागीय अधिकारियों को इस कार्यक्रम की नियमित निगरानी सुनिश्चित बनाने तथा मासिक आधार पर निरीक्षण रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए अपने प्रयासों में और तेजी लाने को कहा। बाद में जिला के विभिन्न स्थानों पर झुग्गी-झोंपड़ियों में रहने वालों का जीवन स्तर सुधारने के उद्देेश्य से आरंभ किए गए अभियान की समीक्षा के लिए एक अन्य बैठक की अध्यक्षता करते हुए संदीप कदम ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि ऐसे क्षेत्रों में नियमित तौर पर स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन करने तथा इसकी मासिक रिपोर्ट भेजना सुनिश्चित करें।
उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि ऐसे बच्चों को नियमित तौर पर स्कूल जाने के लिए प्रोत्साहित करें और स्कूल में उनकी उपस्थिति की मासिक रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने इन बच्चों के लिए सायंकाल के समय लगने वाली कक्षाओं में बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित बनाने के साथ ही उन्हें पढ़ाने के लिए स्वयंसेवियों को प्रोत्साहित करने के भी प्रयास किए जाने की भी आवश्यकता जताई।
उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी सेविकाएं नियमित तौर पर इन क्षेत्रों का दौरा कर अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को प्रेषित करें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रूग्वेद ठाकुर, उपनिदेशक उच्च शिक्षा सुशील पुंडीर, सहायक जिला शिक्षा अधिकारी आरती शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेल्थ मिशन दुर्गेश, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस जयपाल मोहन, जिला कल्याण अधिकारी आरसी बंसल, नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया और अन्य मौजूद रहे।