चिकित्सक की नियुक्ति के बाद मरीजों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में करीब दस साल बाद मेडिसिन विशेषज्ञ की नियुक्ति हुई है। इससे मरीजाें को बड़ी राहत मिली है। 2014 से मेडिसिन विशेषज्ञ का पद रिक्त था। इससे मरीजों को 80 किलाेमीटर दूर क्षेत्रीय अस्पताल मंडी या कांगड़ा जिले के अस्पतालों में उपचार के लिए दौड़ लगानी पड़ रही थी।
मध्यवर्गीय परिवारों को उपचार हासिल करने के लिए अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सोमवार को जोगिंद्रनगर नागरिक अस्पताल में डॉ. तेतेंद्र कुमार ने मेडिसिन विशेषज्ञ का पदभार ग्रहण कर कार्य शुरू कर लिया है। उन्होंने कहा कि वह गंभीर मरीजों को अस्पताल में ही बेहतर स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने का प्रयास करेंगे।
जोगिंद्रनगर अस्पताल में 6 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के आदेश हुए हैं। बीते सप्ताह शल्य विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. प्रियल सूद ने कार्यभार संभाला है। ऐसे में अब आम जनता को राहत मिलना शुरू हो गई है। उधर सीएमओ डॉ. दीपाली शर्मा ने कहा कि नागरिक अस्पताल में अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक भी जल्द नियुक्ति देंगे। संवाद