मंडी नगर निगम के आयुक्त सफाई कर्मचारियों, निरीक्षकों के साथ बैठक करते हुए।
- फोटो : Mandi
मंडी। मंडी शहर में कूड़ा कचरा उठाने का शुल्क अदा नहीं करने वाले लोगों पर अब नगर निगम (एमसी) कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगा। शुल्क अदा नहीं करने पर जुर्माना किया जाएगा। यह निर्णय नगर निगम मंडी के सभागार में आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
बैठक में सफाई सुपरवाइजर और शुल्क एकत्र करने वाले कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। सफाई व्यवस्था में आने वाली समस्याओं पर भी मंथन किया गया। सामने आया कि कई लोग कूड़ा कचरा उठाने का तय शुल्क नहीं देते हैं। इससे नगर निगम का राजस्व घट रहा है।
अब निर्णय लिया कि जो शुल्क अदा नहीं कर रहे हैं, उनकी पहचान कर जुर्माना लगाया जाएगा। शहर से गीला और सूखा कचरा प्रणाली को भी बेहतर तरीके से लागू किया जाएगा। लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग देने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि गीले कचरे का बेहतर ढंग से निपटान हो सके। सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने संबंधी दिशा-निर्देश आयुक्त एचएस राणा ने संबंधित कर्मचारियों, स्वयं समूहों को दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में नगर निगम को एक मॉडल के रूप में विकसित किया जाना हमारी सर्वोत्तम प्राथमिकता है। मौजूदा समय में घरों से कूड़ा उठाने का शुल्क 50 रुपये है, जबकि दुकानों से 100 रुपये। हलवाई की दुकान से 500 रुपये शुल्क के तौर पर लिया जाता है। संवाद