मंडी जिला की टीम को ऑल राउंड द बेस्ट की ट्रॉफी से सम्मानित करते मुख्यातिथि। -संवाद
सुंदरनगर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बाल सुंदरनगर में अंडर-19 छात्रों की राज्य स्तरीय मेजर खेलकूद प्रतियोगिता में मंडी जिला को ऑल राउंड द बेस्ट की ट्रॉफी से सम्मानित किया गया है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हुआ। इस मौके पर एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी मुख्यातिथि रहे।
स्कूल प्रधानाचार्य लेखराम भारद्वाज ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान बैडमिंटन मुकाबले में ऊना विजेता और मंडी उपविजेता रहा। जूडो में हमीरपुर विजेता, सोलन उपविजेता, वेटलिफ्टिंग में सोलन विजेता और ऊना उपविजेता, योग में शिमला विजेता व कांगड़ा उपविजेता, शतरंज में शिमला विजेता व मंडी उपविजेता रहा।
उन्होंने बताया कि बॉक्सिंग में मंडी विजेता और ऊना उपविजेता, कुर्श में सोलन विजेता और शिमला उप विजेता, मार्च पास्ट में शिमला विजेता रहा। विजेता टीमों को मुख्यातिथि एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उप निदेशक उच्च शिक्षा सुशील शर्मा, डॉ. संजय यादव, मान सिंह ठाकुर, सुरेश चौधरी भी मौजूद रहे।