सोलन। परवाणू में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। बेहोशी की हालत में उसे लोग उपचार के लिए अस्पताल लाए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ईएसआई अस्पताल परवाणू ने सूचना पुलिस को सूचना दी कि परवाणू के सेक्टर-4 से एक व्यक्ति को उपचार के लिए लाया गया था। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ में मृत युवक की पहचान 20 वर्षीय सुजल जमवाल निवासी गांव देलड़, डाकघर बलक्वार, तहसील लडभड़ोल, जिला मंडी के रूप में हुई। वह परवाणू के सेक्टर-4 में रह रहा था।
सुजल निजी कंपनी में काम करता था। वह कंपनी के फ्लैट में एक साथी के साथ रह रहा था। 28 सितंबर को जब उसका रूममेट ढाबा से खाना खाने के उपरांत कमरे में पहुंचा तो सुजल बिस्तर पर बेसुध मिला। इसके बाद उसे लोगों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है।