सुंदरनगर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्यांजी के 11वीं कक्षा के छात्र ध्रुव का चयन नेशनल स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। ध्रुव की इस उपलब्धि पर स्कूल में खुशी की लहर है।
स्कूल की एसएमसी के प्रधान पितांबर लाल ने बताया कि ध्रुव ने 23 से 25 अक्तूबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बाल सुंदरनगर में हुई राज्य स्तरीय मेजर खेलकूद प्रतियोगिता में सुपर हैवी कैटेगरी (91 किलोग्राम से अधिक) में स्वर्ण पदक हासिल किया है। इससे वह नेशनल प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाने में सफल रहा।
ध्रुव पिछले पांच वर्षों से कोच खूब राम की देखरेख में नियमित रूप से बॉक्सिंग का अभ्यास कर रहा है। वहीं, स्कूल के प्रवक्ता पवन चौहान ने बताया कि गोल्ड मेडल जीतने के बाद शनिवार को ध्रुव के स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्य, अध्यापकों और विद्यार्थियों ने जोरदार स्वागत किया और उसे नेशनल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।