धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल के डरवाड़ में चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगने से हिमाचल किसान सभा डरवाड़ ने पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
सभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बताया कि डरवाड़ गांव में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं लेकिन पुलिस इन वारदातों में शामिल लोगों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। गांव में अब तक मेहर सिंह, अनंत राम, कांता देवी, लेखराज, मान सिंह के घरों से चोरी हो चुकी है।
यहां तक कि श्मशानघाट में लोहे की गार्डर और पीपल वृक्ष के लिए लगाए जा रहे अटियाले में लगी लोहे की प्लेटें भी चुरा ली हैं।
कुछ माह पहले यहां से एक नई मोटरसाइकिल भी चोरी हुई थी, जिसका सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस की नाकामी के चलते शातिरों के हौसले बुलंद हैं। पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह, पंचायत प्रधान रणजीत सिंह, वार्ड पंच यशवंत सिंह, हिमाचल किसान सभा के अध्यक्ष मेहर सिंह पठानिया आदि ने पुलिस से शातिरों को पकड़ने की गुहार लगाई है। संवाद