लडभड़ोल (मंडी)। ग्राम पंचायत खद्दर के खद्दर बाजार में शनिवार रात शातिरों ने छह दुकानों के ताले तोड़ने की कोशिश की। इनमें से कुछ दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और सामान चुरा लिया है।
बीडीसी सदस्य विजय कुमार ने बताया कि शातिरों ने शराब के ठेके सहित छह दुकानों के ताले तोड़ने का प्रयास किया। शराब के ठेके से 10,000 नकद और एक बीयर की पेटी, शराब की कुछ बोतलें ले उड़े हैं।
राजमल चौहान की दुकान से 3,000 रुपये नकद, सुरेंद्र कुमार शिवराम की दुकानों के ताले तोड़कर कुछ नकदी ले गए हैं। रसील सिंह और जगदीश चंद की दुकानों के ताले तोड़ने में शातिर कामयाब नहीं हो पाए।
खद्दर बाजार में एक ही रात में छह दुकानों के ताले टूटने से क्षेत्र और स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। संवाद