द्रंग क्षेत्र के फुटाखल स्थित माता नौणी भगवती मंदिर में आयोजित महायज्ञ के दौरान मंत्रोच्चारण कर
- फोटो : Mandi
द्रंग (मंडी)। ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा के उपलक्ष्य में द्रंग क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ी। देव पाईंदल ऋषि की पूजा अर्चना के साथ लोगों ने नया अनाज देवता को चढ़ाया। देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
नौणी भगवती मंदिर फुटाखल में द्रंग क्षेत्र के विख्यात आचार्य केवल कृष्ण शर्मा के सानिध्य में महागायत्री यज्ञ का आयोजन किया। इस महायज्ञ में एक दर्जन ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चारण का जाप किया। इस दौरान इलाका दुंधा की पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
भंडारा भी लगाया गया। आराध्य देव पाईंदल ऋषि मंदिर डोलरा में पूर्व संध्या को नेऊजु जतरवाड़ का आयोजन किया। इसमें श्रद्धालुओं ने सैकड़ों की तादाद में उपस्थिति दर्ज करवाई। इस दौरान मंदिर में रातभर भजन-कीर्तन का दौर चला। माता जालपा मंदिर सरौणधार में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
माता चामुंडा मसेरन द्रंग ने ग्राम पंचायत चुक्कू के लुणी गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों को सुख, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद दिया। माता चुक्कू पंचायत प्रधान मनसा राम के घर में जातर उत्सव में शरीक हुईं। उधर, चौहारघाटी के धरमेहड़ में आराध्य शेला देव मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य किया गया।
मंदिर की पुरानी छत और दीवारों का पुनर्निर्माण किया। श्रद्धालुओं ने पूरा दिन विधि विधान के अनुसार खाली पेट मंदिर कार्य में अपना सहयोग दिया। देवता मंदिर कमेटी प्रधान राम सिंह ठाकुर ने इस धार्मिक कार्य में सहयोग के लिए श्रद्धालुओं का आभार जताया। संवाद