सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के डैहर क्षेत्र के अलसू में वीरवार सुबह करीब 8 बजे एक जीप अनियंत्रित होकर सड़क में ही पलट गई। हादसे में जीप में सवार 10 लोग घायल हो गए। सभी को नागरिक अस्पताल डैहर लाया गया।
यहां से सुंदरनगर रेफर कर दिया है। जीप में 17 लोग बैठे हुए थे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अन्य सवारों को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि जीप में सवार सभी लोग श्मशानघाट में दाह संस्कार करने के बाद घर कोटलू और जांवला लौट रहे थे।
इसी समय चालक ने जीप से नियंत्रण खो दिया और हादसा हो गया। घायलों में चमन लाल (67) पुत्र मसदी राम निवासी गांव बनौला, मस्तराम (66) पुत्र रिटा राम निवासी जांवला, पोलहो राम (71) पुत्र दिला राम निवासी जांवला, धनीराम (75) पुत्र लौंगू राम निवासी चांबा, जगरनाथ (54) पुत्र ज्यूणु राम निवासी कोटलू, प्रकाश चंद (50) पुत्र ज्यूणु राम निवासी कोटलू, विकास कुमार (34) पुत्र रूप लाल निवासी अपर कोटलू, रोशन लाल (75) निवासी कोटलू, रोशन लाल (60) निवासी जांवला और संतरा निवासी कोटलू के रूप में हुई है। डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि जीप चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद