लडभड़ोल (मंडी)। एचआरटीसी बैजनाथ की बैजनाथ-सांढा बस सोमवार सुबह 10:45 बजे जमथला खोली गांव के पास खराब हो गई। इससे बस में सफर कर रहे 20 सवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री दो किलोमीटर पैदल चलकर लडभड़ोल पहुंचे।
इसके बाद अन्य बसों में गंतव्यों के लिए रवाना हुए। एचआरटीसी के बैजनाथ डिपो की बस सोमवार सुबह तय रूट पर सांढा पहुंची। लौटते समय 10:45 बजे जमथला खोली के पास अचानक खराब हो गई। यात्रियों को तेज धूप में दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ा।
लोगों में पथ परिवहन निगम के प्रति भारी रोष दिखा। यात्रियों अमित, अरुण, सुनील, मनोज, दीपक आदि ने प्रदेश सरकार सहित परिवहन निगम प्रबंधन से मांग की है कि वर्कशॉप में निरीक्षण के बाद ही बसों को रूट पर भेजा जाए।
बैजनाथ डिपो के आरएम नितेश शर्मा ने बताया कि बस के खराब होने की सूचना मिली है। बस की मरम्मत के लिए तकनीकी कर्मचारी को मौके पर भेजा है। संवाद