जोगिंद्रनगर शहर में बारिश के चलते सड़कें बनी तालाब।
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मंडी-पठानकोट हाईवे पर की गई टारिंग ने जोगिंद्रनगर के करीब तीन सौ कारोबारियों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। टारिंग से सड़क की ऊंचाई बढ़ती जा रही है। इससे गुरुद्वारा परिसर से गुगली खड्ड, पठानकोट चौक से रेलवे फाटक तक दुकानों में बारिश का पानी घुस रहा है।
शहर के 50 कारोबारियों ने जिला और स्थानीय प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री और केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय को लिखित पत्र सौंप कर समस्या के समाधान की मांग उठाई है। व्यापार मंडल के पूर्व मुख्य सलाहकार सुमित सूद ने बताया कि इससे पहले निदेशक राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण को भी लिखित प्रस्ताव सौंपा था।
कहा कि सड़क की टारिंग की ऊंचाई बढ़ने से हाईवे के साथ कारोबार करने वाले कारोबारियों और उनके रिहायशी मकानों में बारिश का पानी घुस रहा है। बड़े वाहन भी दुकानों की छतों से टकरा रहे हैं। शहर की पुरानी टारिंग को उखाड़कर दोबारा से टारिंग की जाए। इससे समस्या का समाधान हो सके।
एसडीएम जोगिंद्रनगर डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि टारिंग का स्तर बढ़ जाने से हाईवे के नजदीक कारोबारियों और रिहायशी मकान मालिकों को बारिश के पानी से दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। इस संदर्भ में कारोबारियों का हस्ताक्षर युक्त प्रस्ताव मिला है। इसे आगामी कार्रवाई के लिए निदेशक राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण विभाग को भेजा जाएगा।