कोटली (मंडी)। कोटली-ढंढाल संपर्क मार्ग पर ढंढाल गांव के पास एक आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई। उसमें सवार कार चालक प्रकाश पुत्र हरि सिंह निवासी ढंढाल गंभीर रूप से घायल हो गया है जबकि दूसरे सवार जसवंत निवासी ढंढाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बुधवार देर शाम की है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक चालक प्रकाश कार को छोड़ने मालिक रमेश चंद के पास थोड़ी दूरी पर स्थित उनके गांव चलहर जा रहा था। प्रकाश के साथ उसका रिश्तेदार जसवंत भी साथ में गया। दोनों अभी निकले ही थे कि ढंढाल स्कूल के समीप मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। परिजनों ने किसी तरह दोनों को नागरिक अस्पताल कोटली पहुंचाया।
यहां जसवंत की मृत्यु हो गई जबकि प्रकाश को प्राथमिक उपचार के बाद जोनल अस्पताल मंडी रेफर कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन की ओर से उपमंडल न्यायिक दंडाधिकारी रमेश कटोच तथा नायब तहसीलदार भारत भूषण मौके पर पहुंचे। उन्होंने फौरी तौर पर मृतक के परिवार को 20,000 तथा घायल को 5,000 की नकद राशि दी। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने घटना की पुष्टि की है। संवाद