सुंदरनगर (मंडी)। एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन सुंदरनगर की बैठक बस अड्डा परिसर में शनिवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष रवि कुमार ने की। इसमें एचआरटीसी परिचालकों की लंबे समय से चली आ रही वेतन विसंगति को लेकर हाल ही में प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए फैसले पर चर्चा की गई।
रवि कुमार ने कहा कि उच्च न्यायालय का फैसला परिचालकों के हित में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय है, जिसे एचआरटीसी प्रबंधन द्वारा शीघ्र लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि यूनियन की ओर से इस संबंध में एक प्रस्ताव पारित कर निगम प्रबंधन को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया है, ताकि परिचालकों को जल्द राहत मिल सके।
बैठक में यूनियन की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर भी विचार-विमर्श किया गया। यूनियन नेताओं ने कहा कि न्यायालय के आदेश को लागू करने में देरी से परिचालकों में असंतोष बढ़ रहा है और इससे कर्मचारियों के मनोबल पर भी असर पड़ रहा है।
बैठक में कंडक्टर यूनियन सुंदरनगर यूनिट के प्रधान मोहन लाल, महासचिव ओम प्रकाश, उपप्रधान योग राज, कोषाध्यक्ष जगदीश कुमार, जसवंत सिंह सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। संवाद