स्वच्छ पेयजल, उचित वेंटिलेशन का हो समुचित प्रबंध
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिला दंडाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने बताया कि सुंदरनगर में 39.2 डिग्री सेल्सियस और मंडी में 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
जलशक्ति विभाग को निर्बाध पेयजल आपूर्ति, जल स्रोतों की नियमित सफाई व क्लोरिनेशन तथा सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल सुविधाएं चालू रखने को कहा गया है। स्कूल-कॉलेजों में स्वच्छ पानी, वेंटिलेशन, छाया, प्राथमिक उपचार व ओआरएस उपलब्ध कराने और बाहरी गतिविधियां सीमित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य व आपात सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने, अस्पतालों में शीतलन व्यवस्था व आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने के आदेश हैं। वन विभाग को अग्निशमन तैयारी और पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए पानी व छाया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।