मंडी-कुल्लू के छह आरोपी गिरफ्तार, पंजाब में सप्लाई की थी तैयारी
एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। पुंघ क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कारों से 1 किलो 426 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों मामलों में मंडी और कुल्लू जिलों के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चरस की खेप पंजाब ले जाकर सप्लाई करने की तैयारी में थे।
पुलिस के अनुसार पहला मामला शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे का है। पुंघ में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने अस्थायी नंबर वाली एक कार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी 914 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने कार सवार बबलू निवासी गांव किन्नी, तहसील औट (मंडी) और देवेंद्र कुमार निवासी गांव पनवी, तहसील सैंज (कुल्लू) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर पता चला कि दोनों आरोपी चरस की खेप को बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे।
वहीं, इसी दिन शाम करीब पांच बजे पुंघ क्षेत्र में ही नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक अन्य कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 512 ग्राम चरस बरामद हुई। इस मामले में हरीश निवासी बरसोगी, तहसील भुंतर (कुल्लू), रितेश ठाकुर निवासी धवाली, तहसील धर्मपुर (मंडी), अखिल देवकलोतिया निवासी नवाही (हमीरपुर) और विजय निवासी बकरटा, तहसील सरकाघाट (मंडी) को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चरस की खेप कुल्लू से पंजाब ले जा रहे थे। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कुल्लू में किस स्रोत से लाई गई थी और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।