पुलिस से चोर गिरोह पर शिकंजा कसने की मांग
नगर परिषद ने सीसीटीवी लगाने का दिया भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। शहर में एक माह के भीतर पांच दुकानों के ताले टूटने और चोरी की लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में आक्रोश बढ़ गया है। व्यापारियों ने मंगलवार को पुलिस थाना पहुंचकर लंबित मामलों का जल्द खुलासा करने और सक्रिय चोर गिरोह को पकड़ने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी आंदोलन करेंगे।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष भास्कर गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे कारोबारियों ने थाना प्रभारी सकीनी कपूर से कहा कि मुख्य बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग उठाई।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में रेलवे स्टेशन चौक के समीप रविकांत की दुकान का ताला तोड़ा गया। इससे पहले दो जून को ईसीएच अस्पताल के पास पवन, रवि और विक्की बावा की दुकानों के ताले टूटे थे। इसके अलावा काकू टेंट हाउस के गोदाम में लाखों रुपये की चोरी का मामला भी अब तक अनसुलझा है। एनएसी मार्केट स्थित एक किराना दुकान से 12 हजार रुपये से अधिक की नकदी चोरी होने की घटना का भी अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। नगर परिषद के उपाध्यक्ष प्यार चंद वालिया ने कहा कि वार्ड पांच और छह में हुई चोरी की वारदातों का भी पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने व्यापारियों को बताया कि शहर में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से जांच में कठिनाई आती है। उन्होंने मुख्य बाजारों और प्रमुख चौराहों पर बेहतर नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव दिया। इस पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष प्यार चंद वालिया और पार्षद गुरध्यान ने शहरी विकास विभाग से बजट उपलब्ध कराने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। वहीं व्यापार मंडल के अध्यक्ष भास्कर गुप्ता और कोषाध्यक्ष पंकज सूद ने भी शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए पुलिस और नगर परिषद को सहयोग देने की बात कही।