भाकपा के शताब्दी समारोह में नाटियों पर झूमे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के शताब्दी समारोह में वीरवार को सेरी मंच पर लोक कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्यों और देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। कोटली क्षेत्र से लोक कलाकार देशराज की अगुवाई में नृत्य दल ने तुंगल नाटी की प्रस्तुति दी। इस पर मंच पर मौजूद अन्य लोगों ने भी भाग लिया। सराज घाटी के लोक कलाकारों ने भी अपना लोक नृत्य प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर हिमाचल के मशहूर रंगकर्मी दिवंगत लवण ठाकुर को भी याद किया। इसके बाद लोक वाद्ययंत्रों की थाप और शहनाई वादक शरणदास की मंगल ध्वनि के साथ विपाशा सदन तक रैली निकाली गई। समारोह में महिला नेता एवं नारी सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष निशा सिद्धू ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में भाकपा के योगदान की जानकारी दी। कहा कि देश की आजादी में भाकपा के लोगों ने गदर पार्टी, काकोरी और अन्य आंदोलनों में बढ़ चढ़ कर भाग लिया।
इस वर्ष देशभर में सौ वर्षीय समारोह आयोजित किए जाएंगे। वाम एकता की दिशा में कार्य कर जनता के समक्ष एक विकल्प रख जाएगा। माकपा राज्य सचिवालय सदस्य कुशाल भारद्वाज ने माकपा विचारधारा के इतिहास पर प्रकाश डाला। इस मौके पर बिलासपुर से वासुदेव वसु, पूर्व विधायक गगरेट बीडी लखनपाल, पूर्व विधायक कोट कहलूर केके कौशल, इप्टा राष्ट्रीय महासचिव शैलेंद्र, भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद