साहल-गरलोग सड़क पर भूस्खलन से हुए नुकसान को दिखाता प्रभावित व्यक्ति।
- फोटो : अमर उजाला
पधर (मंडी)। लोक निर्माण विभाग उपमंडल कमांद के अधीन साहल गरलोग राज्य मार्ग पर जीरो प्वाइंट पर ल्हासा गिरने से यह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया। ल्हासा गिरने से स्थानीय निवासी हेम सिंह का लगभग 150 फलदार पौधों का बगीचा भूस्खलन की चपेट में आ गया है।
बरसात के मौसम में भूमि कटाव का क्रम निरंतर जारी है। हेम सिंह ठाकुर ने बताया कि मार्ग के जीरो प्वाइंट पर गत वर्ष भी ल्हासा गिरने से उनके बगीचे को नुकसान हुआ था। लोक निर्माण विभाग से मार्ग के किनारे डंगा लगाने का अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग ने कोई सुध नहीं ली। शुक्रवार रात को भारी बारिश होने के कारण ल्हासा गिरने से मलबा सड़क पर आ गया। इससे अमरूद के लगभग 10 पेड़ जड़ से उखड़ गए। हेम सिंह ने बताया कि भूस्खलन जारी है। जिससे पूरा बगीचा नीचे धंस रहा है।
मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करने को लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी स्पॉट पर भेजी है मगर प्रभावित हेम सिंह ने अपने बगीचे को हो रहे नुकसान के चलते जेसीबी को मार्ग पर आई मिट्टी को उठाने से रोक दिया। उन्होंने बताया कि विभाग की लापरवाही के कारण उनके बगीचे को नुकसान पहुंचा। गत वर्ष विभाग ने यहां सुरक्षा दीवार लगाने का आश्वासन दिया था। लेकिन एक वर्ष तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोक निर्माण विभाग मार्ग पर आई मिट्टी को हटाता है तो उनके बगीचे को और नुकसान पहुंच सकता है। विभाग प्रभावित स्थान पर सुरक्षा दीवार लगाए ताकि उनका बगीचा सुरक्षित हो सके। उन्होंने नुकसान की भरपाई की भी विभाग से मांग की है।