नगर पंचायत को पूरी तरह कार्यशील बनाने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
संधोल (मंडी)। ग्राम पंचायत से नगर पंचायत का दर्जा मिलने के करीब दो वर्ष बाद भी संधोल और दतवाड़ क्षेत्र शहरी सुविधाओं से वंचित हैं। लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत बनने के बावजूद कूड़ा प्रबंधन, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, नालियों की सफाई और रास्तों के रखरखाव में कोई सुधार नहीं हुआ है।
ग्रामीण दिनेश कुमार, रेशम भरमौरिया, सुभाष चंद, कालू राम, नीलम कुमार सहित अन्य ने कहा कि नगर पंचायत का बोर्ड तो लग गया, लेकिन व्यवस्था अभी भी पुरानी पंचायतों के सहारे चल रही है। प्रमाण पत्र और अन्य प्रशासनिक सेवाएं भी पंचायत स्तर से ही संचालित हो रही हैं। स्थानीय निकाय चुनावों के बाद अन्य क्षेत्रों में प्रतिनिधि चुन लिए गए, लेकिन संधोल नगर पंचायत में अभी तक पार्षदों का मनोनयन नहीं हुआ है। इससे क्षेत्रवासी न पंचायत व्यवस्था और न ही नगर पंचायत व्यवस्था का पूरा लाभ उठा पा रहे हैं। लोगों ने सरकार से नगर पंचायत को जल्द पूर्ण रूप से कार्यशील करने और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की है। संधोल नगर पंचायत का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे नगर परिषद सुजानपुर टिहरा के सचिव हर्षित शर्मा ने बताया कि नगर पंचायत के लिए अभी तक स्टाफ उपलब्ध नहीं करवाया गया है। जेई और क्लर्क अतिरिक्त चार्ज पर काम कर रहे हैं। स्टाफ मिलते ही व्यवस्था सुचारु कर दी जाएगी।