शुक्रवार को रत्ती खड्ड में दोबारा पानी के सैंपल लेते हुए अधिकारी। स्त्रोत जागरूक पाठक
रत्ती खड्ड में फिर पहुंची प्रदूषण बोर्ड की टीम
खड्ड का लिया जायजा, दोबारा पानी के सैंपल भरे
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। रत्ती खड्ड में मछलियों की मौत के मामले में हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने शुक्रवार को बल्हघाटी के रत्ती क्षेत्र का दोबारा निरीक्षण किया। टीम ने औद्योगिक क्षेत्र से खड्ड तक की स्थिति का जायजा लिया और पानी के नमूने जांच के लिए भेजे। 12 जून को बड़ी संख्या में मछलियों की मौत के बाद बोर्ड ने मामले में कार्रवाई करते हुए जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) मंडी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। जांच में औद्योगिक क्षेत्र का सीवरेज चैंबर ओवरफ्लो और सेप्टिक टैंक से जुड़ा कनेक्शन क्षतिग्रस्त पाया गया था, जिससे बिना उपचारित सीवरेज खड्ड में बह रहा था। बोर्ड ने सीवरेज व्यवस्था सुधारने और अपशिष्ट जल के उचित निस्तारण के निर्देश दिए थे। क्षेत्रीय अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि शुक्रवार के निरीक्षण में स्थिति सामान्य पाई गई और खड्ड से दोबारा पानी के सैंपल लिए गए हैं।