पधर (मंडी)। उपमंडल पधर की कुन्नू पंचायत के हरड़गलू गांव में पांच दिवसीय नलवाड़ मेला छह सितंबर से शुरू होगा। मेला कमेटी द्वारा आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले का शुभारंभ स्थानीय समाजसेवी और भारतीय किसान संघ द्रंग के अध्यक्ष द्रुपद मेहता करेंगे। 10 सितंबर को मेले के समापन पर द्रंग विधायक पूर्ण चंद ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
कुन्नू पंचायत की प्रधान और मेला कमेटी की अध्यक्ष पमिंद्रा देवी ने बताया कि मेले में व्यापारियों के लिए प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली हैं। मेले के दौरान महिला, युवक मंडलों और स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आठ और नौ सितंबर को सांस्कृतिक संध्याएं होंगी, जिसमें प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकार भी मौका दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मेले की सफलतापूर्वक आयोजना के लिए सभी तैयारियां की गई हैं और व्यापारियों का आगमन भी शुरू हो चुका है। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस विभाग से सहयोग मांगा गया है। इसके अलावा 11 सितंबर को हरड़गलू मैदान में कुश्ती दंगल का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्रीय और बाहरी राज्यों के पहलवान भाग लेंगे।