संधोल (मंडी)। देशराज शर्मा मेमोरियल स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स नौण के खेल मैदान में रविवार को खेल महाकुंभ का शुभारंभ हुआ। इसमें पूर्व मंत्री एवं वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। अर्जुन अवार्डी अमीर सिंह तथा प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी रजत ठाकुर भी मौजूद रहे। वाॅलीबाल मुकाबले के साथ खेल महाकुंभ का आगाज किया।
इसमें दत्तवाड़ पंचायत और कून पंचायत की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। मैच में कून टीम ने बाजी मारी। मुख्यातिथि वीरेंद्र कंवर ने सभी प्रतिभागी टीमों को महाकुंभ में भाग लेने पर बधाई दी। कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर ने वर्ष 2018 में इस महाकुंभ की नींव रखी थी। उनके साथ क्रिकेट जगत के सम्राट सचिन तेंदुलकर उनके साथ महाकुंभ में शरीक हुए थे। तभी से हर वर्ष इस महाकुंभ का आयोजन किया जाता है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकसित भारत बन रहा है।
प्रदेश सरकार खेलों के प्रति असंवेदनशील है और यह सरकार केंद्र की तरफ से मिल रही खेलों के प्रति सहायता को भी वितरित करने में गुरेज कर रही है। सांसद खेल महाकुंभ में समूचे धर्मपुर मंडल से 17 टीमें भाग लेने पहुंची है। इनमें धर्मपुर, छत्रेण, सरस्कान, बारल, स्योह, सोहर, जायंट घनाला, संधोल, कून, ओल्ड इज गोल्ड सोहर, दत्तवाड, वीसी सोहर, सरौन, कोठुवां क्लब, कोठुवां ब्रदर्स तथा सोहर टाइगर्स मुख्य टीमें है। इस अवसर पर संधोल पंचायत के प्रधान कुलदीप सिंह, बीडीसी प्रवीण कुमार, ग्वेला पंचायत प्रधान पंकज कुमार, राजेंद्र मंढोत्रा, जिला किसान मोर्चा सचिव एसके भंडारी आदि मौजूद रहे। संवाद