टिहरा (मंडी)। किसान उत्पादक संघ धाड़ता का क्षेत्रीय सम्मेलन टिहरा में रूप चंद, सत्तपाल सिंह और करतार सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुआ। इसमें टिहरा, तनियार, कोट, गरयोह, सरौन, चोलथरा, गरौडु, भदेहड़ आदि ग्राम पंचायतों के शेयर होल्डरों ने भाग लिया और क्षेत्रीय कमेटी का गठन भी किया।
कमेटी में करतार सिंह चौहान को अध्यक्ष, रमेश पालसरा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जगत राम को उपाध्यक्ष, भूपिंदर भूप्पी को महासचिव, लुद्दर सिंह को सचिव, निर्मला देवी, कमला देवी को सह सचिव चुना गया। इस दौरान 35 सदस्यीय कमेटी भी गठित की गई। प्रबंधक मंडल के सदस्य सतपाल सिंह चौहान ने कहा कि शिवा परियोजना के साथ भी इसका समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा किसानों को समय पर अच्छी गुणवत्ता के बीज, खाद और कृषि उपकरण भी मुहैया कराने के लिए सज्याओ में सुविधा केंद्र स्थापित किया जाएगा। आने वाले समय में स्थानीय स्तर पर पैदा होने वाले अनाज, फलों व सब्जियों की पैदावार बढ़ाने सहित उनकी मार्केटिंग के माध्यम से आमदनी बढ़ाने की दिशा में सभा काम करेगी। सचिव भूपेंद्र सिंह ने इस मौके पर सभी को पिछले साल की गतिविधियों की जानकारी की। उन्होंने बताया कि इस सहकारी सभा का गठन वर्ष 2021 और पंजीकरण सितंबर 2022 में हुआ था। इसके लिए भारत सरकार से स्वीकृति जनवरी 2023 में मिल चुकी है। केंद्र सरकार इसको तीन साल तक 18 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देगी और शेयर होल्डरों को संख्या अधिक होने पर 15 लाख रुपये अतिरिक्त मदद करेगी। इससे कोई भी व्यवसाय शुरू किया जा सकता है।