हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में जोगिंद्रनगर नगर परिषद में पति-पत्नी ने भी चुनावी ताल ठोक दी है। तीन नए चेहरों के साथ आठ और प्रत्याशियों के चुनावी रण में उतरने पर अब रोचक मुकाबले भी मतदाताओं को मतदान के लिए आकर्षित करेंगे। गुरुवार को एसडीएम कार्यालय में नामांकन के दूसरे दिन वार्ड एक लक्ष्मी बाजार से नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अजय धरवाल ने अपना नामांकन दर्ज करवाया। वहीं उनकी पत्नी चंद्ररेखा ने वार्ड पांच अप्पर सेरी में चुनाव लड़ने के लिए नामांकन भर दिया। पति-पत्नी के चुनावी दंगल में उतरने पर चुनावी मुकाबले भी अब रोचक होंगे। तीन नए चेहरों में शामिल वार्ड तीन कॉलेज क्षेत्र से अनिता देवी, वार्ड दो गरोडू से सीमा शर्मा पहली बार नगर परिषद के चुनाव में अपना नामांकन दर्ज करवाया। वहीं वार्ड सात शानन से भी रितु ठाकुर चुनावी मैदान में उतर आई हैं। इसी वार्ड से पूर्व चुनावों में शानदार जीत हासिल कर नगर परिषद में काबिज पार्षद शीला ने अपनी दूसरी पारी का आगाज भी किया। वार्ड चार समलोट से पूर्व पार्षद शिखा ने भी अपना नामांकन दर्ज करवाकर दूसरी पारी की शुरुआत कर दी है।