जोगिंद्रनगर (मंडी)।विद्यार्थियों की पढ़ाई, डिजिटल पुस्तकालय और अध्ययन सुविधाओं के बेहतर संचालन के लिए जोगिंद्रनगर कॉलेज को प्रदेश के सर्वोच्च पुस्तकालय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मनाली में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित सेमिनार में कॉलेज को सर्वोच्च लेवल-4 श्रेणी में स्थान दिया गया। इस श्रेणी में जोगिंद्रनगर के साथ धर्मशाला और हमीरपुर सहित प्रदेश के चार कॉलेज शामिल हैं।
प्रदेश के 29 राजकीय महाविद्यालयों की चार चरणों में समीक्षा की गई। इसमें विद्यार्थियों की संख्या, आधारभूत ढांचा, प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री और डिजिटल सुविधाओं का आकलन किया गया। जोगिंद्रनगर कॉलेज में 12 हजार से अधिक पुस्तकों, अध्ययन कक्ष और डिजिटल पुस्तकालय की सुविधाओं को उपलब्धि का आधार बनाया गया।
सेमिनार में कॉलेज की ओर से आइक्यूएसी अध्यक्ष प्रोफेसर दीपक कुमार सिंह ने प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने पुस्तकालय की आधुनिक सुविधाओं और अध्ययन व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर शिक्षा सचिव राकेश कंवर, उच्च शिक्षा निदेशक प्रोफेसर सुनीता सिंह और 29 महाविद्यालयों के प्राचार्य मौजूद रहे। प्राचार्य प्रकाश चंद ने सहायक पुस्तकालय अध्यक्ष धर्मचंद राणा, मीना देवी सहित शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।