रात करीब 1:30 बजे वारदात को दिया अंजाम, दो चोरों को भागते देखने का दावा
पंडोह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य, प्राथमिकी दर्ज
डिजिटल पर न चलाएं...
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। पुलिस थाना सदर और द्रंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिनोल गांव में रविवार रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोर एक घर की निचली मंजिल में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 70 हजार रुपये की नकदी लेकर गायब हो गए। घर की मालकिन पदमा देवी (59) के अनुसार, चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार बिनोल गांव निवासी पदमा देवी घटना के समय अपने मायके गई हुई थीं, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य घर की दूसरी मंजिल पर मौजूद थे। पदमा देवी घर की निचली मंजिल में रहती हैं। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 1:30 बजे चोरों ने घर को निशाना बनाया। परिजनों के अनुसार रात करीब 1:30 बजे उन्हें घर की निचली मंजिल से कुछ आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर जब वे बाहर आए तो दो लोगों को घर से भागते हुए देखा।
सोमवार सुबह घर पहुंचने पर पदमा देवी को चोरी की वारदात का पता चला। इसके बाद उन्होंने पंडोह पुलिस चौकी में घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस चोरी की घटना की जांच कर रही है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।