विद्युत मंडल सुंदरनगर ने जारी किए नोटिस, भुगतान न होने पर कार्रवाई की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। विद्युत मंडल सुंदरनगर के अधीन जल शक्ति विभाग पर 12.12 करोड़ रुपये की बकाया राशि लंबित होने का मामला सामने आया है। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए विद्युत बोर्ड ने जल शक्ति विभाग की विभिन्न डिवीजनों को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विद्युत मंडल के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता मोहित टंडन ने बताया कि बकाया राशि लंबे समय से जमा नहीं होने के कारण विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बग्गी, सुंदरनगर, सरकाघाट और बिलासपुर की जल शक्ति विभाग की डिवीजनें भुगतान में डिफॉल्टर पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया राशि जमा नहीं की गई तो संबंधित डिवीजनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।