नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में हजारों की संख्या में चले हुए संस्थान बंद कर दिए। करसोग में ही नायब तहसीलदार के कार्यकाल से लेकर पटवार सर्कल समेत दर्जनों की संख्या में कार्यालय, स्कूल और अस्पताल तक बंद कर दिए. कांग्रेस इसी तालाबंदी को विकास कह रही है। कांग्रेस की वजह से हिमाचल सालों पीछे चला गया। अब हिमाचल के लोगों की बारी है ऐसी सरकार और ऐसे लोगों की तालाबंदी करें। मंडी जिले के करसोग में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन में उन्होंने कहा कि हर पन्ना प्रमुख अपने अपने पन्ने से भारतीय जनता पार्टी को बढ़त दिलाएंगे और नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में अपना सहयोग देंगे।
'कंगना बनेगी आपके सुख दुख की डाकिया'
जयराम ठाकुर ने कंगना को मंडी से ऐतिहासिक विजय के साथ दिल्ली भेजने के लिए निवेदन करते हुए कहा कि कंगना ही आपके सुख-दुःख की डाकिया बनकर मंडी और देवभूमि के मुद्दों को दिल्ली में मोदी तक पहुचाएंगी। इसके बाद उन मुद्दों के समाधान की गारंटी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की है। इस मौके पर उनके साथ मंडी संसदीय क्षेत्र के लोकसभा प्रत्याशी कंगना रनौत, करसोग के विधायक दीपराज समेत अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
'विक्रमादित्य सिंह गंगा जल में स्नान करके आए हैं'
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा की प्रत्याशी के लिए विक्रमादित्य ने अमर्यादित शब्द कहे। उन्होंने कंगना को अपवित्र तक कहा, क्या यह हिमाचल के बेटी के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया जा सकता है? जैसे वह स्वंय गंगा जल में स्नान करके आए हैं। अपने संघर्ष और क्षमता से कंगना ने फिल्मी दुनिया में अपना नाम किया, उन्हें राष्ट्रपति के हाथों पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। उनके पास मुद्दे नहीं है, डेढ़ साल में एक भी काम नहीं किया है इसलिए वह इधर-उधर की बातें कर रहे हैं। आज प्रदेश में सड़कों की क्या हालत है? सड़कों की मरम्मत तो छोड़िए उनसे सड़कों का कूड़ा भी नहीं उठाया जा सका है। इसलिए वह निजी हमले कर रहे हैं। नारी शक्ति का अपमान कांग्रेस की आदत बन चुकी है।
'देश कह रहा है कि आएगा तो मोदी ही'
जयराम ठाकुर ने कहा कि दस साल के काम को देखकर देश एक सुर में कह रहा है कि आएगा तो मोदी ही। बीते दस सालों में जो विकास हुआ वह पिछले सत्तर सालों में भी नहीं हो पाया। देश के लोग इस बार भाजपा को चार सौ से ज्यादा सीटें दे रहे हैं हिमाचल भी चार की चार सीटें देकर प्रधानमंत्री को मज़बूती देगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि पंद्रह महीनें की सरकार में 15 पैसे का काम नहीं किया है। अपनी नई योजनाएं नहीं चलाई तो कोई बात नहीं, लेकिन जो पुरानी योजनाएं चल रही थी उन्हें भी बंद कर दिया। हिमकेयर की योजना से प्रदेश के लाखों लोगों को बीमारी के समय 5 लाख का मुफ्त इलाज मिल रहा था वह भी बंद कर दिया।
'कांग्रेस ने वादे किए लेकिन किया कुछ नहीं'
जयराम ठाकुर ने कहा कि एक लाख नौकरियां देने के लिए कहा था, एक नौकरी नहीं दी, 11 हजार से ज्यादा युवाओं को नौकरी से निकाल दिया। गोबर खरीदने से लेकर 300 यूनिट बिजली देने का वादा किया, महिलाओं को 1500 रुपए देने की बात कही थी, लेकिन दिया कुछ नहीं। हमने बिना कहे, बिना गारंटी दिए बस का किराया महिलाओं के लिए आधा किया, 30 हजार असहाय लोगों को हर महीने 3 हजार रुपए की पेंशन दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बंद करने के लिए अब कुछ नहीं छोड़ा। अब बारी आप लोगों की है कांग्रेस को सबक सिखाने की और नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए कमल का बटन दबाने की।