जोगिंद्रनगर में योजना से तीन सौ लोगों की आर्थिकी में होने लगा सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
चौंतड़ा (मंडी)। हिमाचल प्रदेश फसल विविधिकरण प्रोत्साहन परियोजना (जाइका) का शैप प्रोजेक्ट किसान परिवारों की आर्थिकी में सुधार ला रहा है। बंजर खेतों में सब्जियों की पैदावार से किसान परिवार मालामाल होने लगे हैं। योजना के तहत किसानों को अब नकदी सब्जियों की उन्नत किस्म की पैदावार से संबंधित जानकारी घरद्वार मिलने लगी है।
विकास खंड चौंतड़ा के पांच क्षेत्रों में शैप योजना ऐसे परिवारों की ढाल बनी है जिनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। विकास खंड चौंतड़ा के समखेतर, चतरनाला से चकली पुल, भगेरा से बैला, बजगर खड्ड से भडयाड़ा और डोहग में चिह्नित करीब दस हेक्टेयर भूमि पर मटर, ब्रोकली, फूलगोभी और आलू की बंपर पैदावार को लेकर विशेष प्रशिक्षण भी किसानों को दिया जा रहा है। हर घर में किचन गार्डन भी तैयार होने लगे हैं। नकदी सब्जियों को बचाने के लिए सोलर बाड़बंदी भी की जा रही है।
ब्लॉक परियोजना प्रबंधक डाॅ. अश्वनी ने बताया कि विकास खंड चौंतड़ा के पांच चिह्नित क्षेत्रों में करीब 300 लोगों को समूह में एकत्रित कर नकदी फसलों की बंपर पैदावार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। डोहग में शैप प्रोजेक्ट से जुड़े किसानों को कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए स्रोत व्यक्ति डाॅ. एसके ठाकुर ने बताया कि सब्जियों के बीज के प्रमाणीकरण और नकदी फसलों की खेती की पद्धतियों के बारे में भी अवगत करवाया जा रहा है।
...
बाजार भी उपलब्ध करवाएगा विभाग
जाइका के शैप प्रोजेक्ट के तहत तैयार हो रही सब्जियां के लिए बाजार भी विभाग उपलब्ध करवाएगा। कृषि विशेषज्ञ ऋचा बहमन ने बताया कि फसल तैयार करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। भूमि और सिंचाई की सुविधा वाले क्षेत्र में अधिक लोगों को समूह के साथ जोड़कर लाभान्वित किया जा रहा है।