सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर में भाजपा किसान मोर्चा की परिचय बैठक में शामिल होने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में कांग्रेस सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे तीन साल पूरे होने के कार्यक्रम पर कड़ा प्रहार किया।
उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने बैठक में जिस स्पष्टता से किसानों की बदहाली, सरकार की उपेक्षा और बढ़ती आर्थिक चुनौतियों को सामने रखा, उसी समय कांग्रेस सरकार जश्न मना रही है यह दृश्य ही बताने के लिए पर्याप्त है कि सरकार जमीन से कितनी कट चुकी है।
उन्होंने कहा कि नाम बदलने से न नाकामियां छिपती हैं और न ही सच बदलता है। कांग्रेस ने चुनावों के दौरान 28 लाख बहनों को 1500 रुपये, पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरियां, पांच लाख रोजगार, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 100 लीटर दूध और 700 करोड़ बेरोजगारों के लिए जैसी गारंटियां दी थीं, परंतु तीन साल बीत जाने के बाद भी एक भी वादा आज तक पूरा नहीं हुआ।
प्रदेश का हर वर्ग कठिनाइयों से जूझ रहा है। बहनें अपने खाली बटुए दिखाकर गारंटियों पर सवाल पूछ रही हैं, युवा बेरोजगारी से त्रस्त होकर सड़कों पर हैं। कर्मचारी आउटसोर्स टेंपरेरी सब अपने अधिकारों के लिए आंदोलनरत हैं।
वहीं किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों ने बैठक में साफ कहा कि कृषि क्षेत्र बदहाली की कगार पर है और सरकार की नीतियां पूरी तरह किसान विरोधी हैं। आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने तीन साल में 40,000 करोड़ का नया कर्ज लेकर प्रदेश के कुल कर्ज को एक लाख करोड़ के पार पहुंचा दिया है। विकास कार्य थम गए हैं, संस्थान बंद कर दिए गए हैं, और 1.5 लाख पद खत्म कर दिए गए हैं। कांग्रेस सरकार का यह जन संकल्प सम्मेलन वास्तव में उसकी तीन साल की विफलताओं को छिपाने का एक खोखला प्रयास है। इस मौके पर विधायक राकेश जम्वाल, जिलाध्यक्ष हीरा लाल, किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव देष्टा विशेष तौर पर उपस्थित रहे।