लाखों के बंपर इनाम और खेल के रोमांच से सजेगा थुनाग
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। ‘खेलो हिमाचल, चिट्टा मुक्त अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन और इसमें युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को थुनाग में उपमंडल स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) थुनाग संजीत शर्मा ने की।
एसडीएम संजीत शर्मा ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना तथा उनमें सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल और कबड्डी की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों और टीमों को 15 नवंबर तक गेम मैनेजमेंट सिस्टम वेब पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिताओं को अधिक रोमांचक और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न श्रेणियों में 31 हजार रुपये से लेकर 2 लाख 10 हजार रुपये तक की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
एसडीएम संजीत शर्मा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल संगठनों, विभिन्न विभागों और आम जनता से अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की जा सकती है।