जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में अटल आदर्श विद्यालय बनाने की कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को एसडीएम जोगिंद्रनगर डॉ. विशाल शर्मा ने कथौण पंचायत के पंजालग गांव में चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। राजस्व विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास खंड चौंतड़ा में अटल आदर्श विद्यालय को इसी सत्र में संचालित करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान बनांदर में निर्माणाधीन कानूनगो भवन पीहड़ बेढलू का भी निरीक्षण किया।
तहसीलदार लडभड़ोल मेघना गोस्वामी ने एसडीएम को बताया कि क्षेत्र की 18 पंचायतों के लोगों के राजस्व संबंधी कार्य तय समय पर निपटाना उनकी प्राथमिकता रही है। प्राकृतिक आपदा से भी निपटने के लिए लडभड़ोल तहसील में पुख्ता प्रबंध समय रहते कर लिए गए हैं।