थलौट बाइपास के कार्य संबंधी जायजा लेते एनएचएआई के परियोजना निदेशक आकाशदीप सिंह। संवाद
नए परियोजना निदेशक ने कार्यभार संभालने के बाद धरातल पर देखा प्रोजेक्ट, जानी दिक्कतें व विकास कार्य
विभिन्न विकास कार्यों को तय समयावधिक में पूरा करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के नए परियोजना निदेशक आकाशदीप सिंह ने बुधवार को मंडी से कुल्लू तक हाईवे व टनलों का निरीक्षण किया। उन्होंने झलोगी फ्लाईओवर के पास सुरक्षा दीवार, थलौट बाईपास और क्षतिग्रस्त डयोड-हणोगी टनल के कार्यों का जायजा लेकर संबंधित निर्माण कंपनियों को तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक ने झलोगी फ्लाईओवर के पास ब्यास नदी के किनारे बनाई जा रही सुरक्षा दीवार का काम का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की प्रगति और हाईवे को संभावित नुकसान से बचाने के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली। इसके बाद झलोगी में क्षतिग्रस्त टनल का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य में तेजी लाने को कहा।
परियोजना निदेशक ने थलौट बाईपास के निर्माण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों को तय समयावधि के भीतर पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। आकाशदीप सिंह ने मौके पर चल रहे मरम्मत कार्यों की स्थिति देखी और निर्माण कंपनी को काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मंडी से कुल्लू तक निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाईवे पर निर्माण, मरम्मत और यातायात व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों की जानकारी भी ली। अधिकारियों और निर्माण कंपनियों को निर्देश दिए कि कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के साथ सड़क पर यातायात सुचारु रखने और सुरक्षा इंतजामों का विशेष ध्यान रखा जाए।