आयकर विभाग की टीम ने वीरवार को एक साथ मंडी शहर में स्वर्ण कारोबारियों की दुकानों पर दबिश देकर दस्तावेजों की छानबीन की है। चंडीगढ़ से आई आयकर विभाग की टीम की छापामारी से मंडी शहर में व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। टीम में आयकर विभाग के अधिकारियों ने दुकानें बंद कर कई घंटों तक दस्तावेजों को खंगाला।
टीम के साथ सुरक्षा के लिए पुलिस के जवान भी साथ थे। वीरवार को आयकर विभाग की चंडीगढ़ से आई टीम ने एक साथ तीन स्वर्ण कारोबारियों की दुकानों में दबिश देकर कार्रवाई की। चंडीगढ़ नंबर के तीन वाहनों में आई टीम ने शहर के तीन नामी स्वर्ण कारोबारियों की दुकानों में छापामारी कर इनकम टैक्स से संबंधित दस्तावेजों की जांच पड़ताल की। टीम में शामिल अधिकारियों ने दुकानों के शटर बंद कर करीब चार-पांच घंटों तक गहन छानबीन की है। आयकर विभाग टीम ने गुटकर स्थित एक ऑटो मोबाइल के शोरूम में भी छापामारी कर दस्तावेज खंगाले। सूत्रों के मुताबिक टीम अपने साथ जरूरी दस्तावेज भी साथ ले गई।
इस संबंध मे ज्वाइंट कमिश्नर एनआर कपूर ने बताया कि चंडीगढ़ से आई विभागीय टीम ने मंडी शहर में कुछ व्यापारियों के दुकानों पर दस्तावेजों की जांच पड़ताल की है। टीम ने क्या कार्रवाई की है। इस बारे में वे कुछ नहीं कह सकते हैं। पुलिस अधीक्षक मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि आयकर विभाग की मांग पर सुरक्षा मुहैया करवाई गई थी।