नगवाईं (मंडी)। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने थलौट में ग्रामीणों से मिल कर उनके दर्द का साझा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव के ठीक नीचे फोरलेन के लिए की गई 90 डिग्री की कटिंग से पूरे गांव के लिए खतरा पैदा हो गया है। जब से यह कटिंग शुरू हुई है, पूरा गांव धीरे-धीरे खिसकना शुरू हो गया है। गांव के करीब 55 परिवारों के घरों और जमीनों में दरारें आ गई हैं। इससे यह गांव अब रहने लायक नहीं बचा है।
ग्रामीण दर-दर की ठोकरें खाने के लिए मजबूर हो गए हैं। ग्रामीणों ने मंत्री से कहा कि वे अपनी समस्या को लेकर स्थानीय प्रशासन, राज्य सरकार और केंद्र सरकार तक गुहार लगा चुके हैं लेकिन अभी तक पुनर्स्थापन या पुनर्वास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। मंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही उन्हें राहत प्रदान करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। संवाद