सरकाघाट (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंदैश में शनिवार को जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी अनीता शर्मा ने की। इस अवसर पर स्कूल की लगभग 100 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूक किया। अनीता शर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदैश में कार्यरत डाॅ. विक्रम ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। उन्होंने किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, संतुलित आहार लेने और योग एवं हल्का व्यायाम करने की सलाह दी। छात्राओं को मासिक धर्म के बारे में व्याप्त कई भ्रांतियों पर विश्वास न करने की सलाह दी। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग से आए दल ने किशोरियों में अनीमिया और खून की जांच भी की। कार्यक्रम के दौरान किशोरी मेले का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर स्कूल प्रधानाचार्य अश्वनी पटियाल, पर्यवेक्षक अनिल, विनोद, जोगेश्वरी आदि मौजूद रहे। संवाद