बैहना (मंडी)। स्कूलों में प्रथम अप्रैल से आगामी शैक्षणिक सत्र शुरू होने जा रहा है। जिले में स्टेशनरी के दाम पर महंगाई का असर देखने को मिल रहा है। स्टिक फाइल व प्रीमियम पेन इस साल महंगे हुए हैं। काॅपियों की कीमतों की बात करें तो यह पुरानी ही है, लेकिन पन्नों की संख्या पिछली बार के मुकाबले कम हो गई है।
स्टिक फाइल की कीमत पिछले साल पांच रुपये प्रति पीस थी, इस साल इसकी कीमत साढ़े छह रुपये हो गई है। प्लास्टिक युक्त सामान के मूल्य में आंशिक बढ़ोतरी हुई है। प्रीमियम पैन 10 रुपये मंहगा हुआ है। तीन सौ से लेकर सात सौ रुपये की रेंज वाले स्कूल बैग के दाम में भी इस साल किसी तरह की कोई बढ़ोतरी नहीं हो पाई है।
कॉपी खरीदती बार जब अभिभावक व विद्यार्थी दाम पूछ रहे हैं तो राहत मिल रही है लेकिन जब कॉपी हाथ में आ रही है तो पहले के मुकाबले हल्की लग रही है। कॉपी में पृष्ठ पहले के मुकाबले कम हैं। निर्माताओं ने दाम स्थिर रखते हुए पन्नों में कमी कर दी है।
उधर, कॉपी, पेन, पेंसिल और स्टेशनरी के दाम औसतन स्थिर है। मंडी शहर, नेरचौक व सुंदरनगर समेत अन्य स्थानों पर दुकानों में खरीद के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है।
खरीदारों को कॉपियों पर 35 से 40 प्रतिशत की छूट मिल रही है। ब्रांडेड कॉपियों पर भी 20 से 25 प्रतिशत की छूट ग्राहकों को दी जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि थोक विक्रेताओं की आपसी प्रतिस्पर्धा से कॉपी तथा स्टेशनरी के सामान पर मार्जिन ज्यादा मिल रहा है।